
रिपोर्ट अनोप कुमार
हरदोई सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पहले हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार भरगवां गांव निवासी सुनील कुमार पाल की पत्नी सीमा देवी 29 जून को अपने देवर विनीत कुमार, पुत्र अर्पित और पुत्री आरुषी के साथ बाइक से मायके मितौली थाना पाली जा रही थीं।
निर्माणाधीन लखनऊ-पीलीभीत बाईपास पर रौरा गांव संपर्क मार्ग के ओवरब्रिज के पास शाहाबाद की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सीमा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि बाइक चला रहे विनीत और दोनों बच्चे खेत में गिरने से बाल-बाल बच गए और उन्हें मामूली चोटें आईं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। सीमा देवी की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि बरेली में भी हालत में सुधार न होने पर गुरुवार सुबह उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ले जाया जा रहा था। रास्ते में ही सीमा देवी ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर वापस लौटे और पुलिस को सूचना दी
क्षेत्राधिकारी सदर शुभम वर्मा ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में पहले ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। दुर्घटनाग्रस्त कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। महिला की मौत के बाद अब मुकदमे में मृत्यु से संबंधित धाराएं बढ़ाकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस हादसे के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है।









