
कन्नौज उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण)” के अंतर्गत जनपद कन्नौज में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में जनचौपाल एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत थानों पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों ने गांवों, कस्बों, मोहल्लों, प्रमुख बाजारों, चौराहों और धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन द्वारा संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा आत्मरक्षा के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के लिए सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और डिजिटल सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने जागरूकता पंपलेट वितरित किए और महिलाओं व बालिकाओं को आपात स्थिति में महिला हेल्पलाइन एवं अन्य पुलिस सहायता सेवाओं का निःसंकोच उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस विभाग ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना, उन्हें उनके अधिकारों की जानकारी देना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाना है।









