
कन्नौज ब्लॉक संवाददाता सूरज कुमार की विशेष रिपोर्ट
कन्नौज उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में रविवार को जनपद कन्नौज के सभी 32 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा 4 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का सफल आयोजन किया गया। मेले का उद्देश्य आमजन को उनके निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला के नोडल अधिकारी तथा नामित निरीक्षण अधिकारियों ने विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि प्रत्येक लाभार्थी को निर्धारित स्वास्थ्य सेवाओं का समुचित लाभ मिले।
स्वास्थ्य मेले में मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक प्रयोगशाला जांच, औषधि वितरण एवं उपचार किया गया। इसके साथ ही बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का नियमित टीकाकरण, परिवार कल्याण सेवाएं, हेपेटाइटिस-बी एवं हेपेटाइटिस-सी की जांच, टीबी संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग, नेत्र रोगियों का परीक्षण तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड बनाने जैसी विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मेले में कुल 1601 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। इनमें 754 पुरुष, 631 महिलाएं तथा 216 बच्चे शामिल रहे। वहीं आयुष्मान भारत योजना के तहत 34 पात्र लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाकर वितरित किए गए।
सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों के साथ प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित रही, जिससे मरीजों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
जनपद प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं तथा शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।









