
हरदोई में छात्र-युवाओं के अधिकार, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सोमवार को एक विशाल पदयात्रा एवं कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. अरुण कुमार मौर्य के नेतृत्व में आयोजित इस जनआंदोलन में किसान नेता कपिल कुमार मौर्य की युवा टीम, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता तथा सैकड़ों छात्र-छात्राओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पदयात्रा की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क से हुई। यह मार्च गांधी भवन, नुमाइश चौराहा और अटल चौक से होते हुए भगवान गौतम बुद्ध चौक पहुंचकर संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में युवाओं का जोश और उत्साह देखने को मिला। मार्च के दौरान कई छात्र-युवा शिक्षाविद एवं वैज्ञानिक सोनम वांगचुक के समर्थन में पोस्टर लेकर चलते दिखाई दिए। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्ष परीक्षाओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। इस दौरान “इंकलाब जिंदाबाद”, “छात्र-युवा एकता जिंदाबाद” सहित कई जनजागरण के नारे गूंजते रहे। आयोजकों ने बताया कि पदयात्रा और कैंडल मार्च का उद्देश्य देश के छात्र-युवाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा शिक्षा और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जनसमर्थन जुटाना है। उन्होंने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों पर सकारात्मक पहल किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

हरदोई में आयोजित इस जनआंदोलन में बड़ी संख्या में छात्र-युवाओं की भागीदारी ने यह संदेश दिया कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर समाज का एक बड़ा वर्ग लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने के लिए एकजुट है।









