
कन्नौज थाना तालग्राम पुलिस ने सरकारी शिक्षक के अपहरण एवं फिरौती प्रकरण में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर शिल्पा वर्मा के नेतृत्व में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को तिर्वा थाना क्षेत्र के ग्राम कटरा बहसार निवासी देशराज सिंह ने अपने पुत्र राहुल कुमार राजपूत (31), जो सरकारी शिक्षक हैं, के स्कूल से वापस न लौटने पर गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
बाद में 20 जुलाई 2026 को परिजनों ने आरोप लगाया कि अविनाश राजपूत, सर्वेन्द्र कुमार कुशवाहा, केशव पंडित और सागर ने राहुल कुमार का अपहरण कर उनके साथ मारपीट की तथा 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी। शिकायत के आधार पर गुमशुदगी को अपहरण एवं फिरौती के मुकदमे में तरमीम करते हुए थाना तालग्राम में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 20 जुलाई को तीन अभियुक्तों—अविनाश राजपूत, सर्वेन्द्र कुमार कुशवाहा और केशव पंडित उर्फ केशव अवस्थी—को गिरफ्तार कर लिया था। विवेचना के दौरान प्रकाश में आए एक अन्य वांछित अभियुक्त प्रमेश पुत्र जगदीश सिंह निवासी ग्राम फगुआ लोहामढ़, थाना तिर्वा को 22 जुलाई 2026 को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के तिर्वा अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया। 
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रंजना पाण्डेय, निरीक्षक संतोष सिंह चंदेल, आरक्षी गबरुद्दीन, आरक्षी ललित कुमार, आरक्षी देव आशीष, आरक्षी विष्णु तथा महिला आरक्षी प्रियंका राजपूत शामिल रहीं।









