
कन्नौज से जिला संवाददाता अविनाश सिंह की विशेष रिपोर्ट
कन्नौज। जनपद में पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) जैसी अत्यंत संक्रामक बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 22 जुलाई 2026 से 8 नवंबर 2026 तक चलने वाले एफएमडी टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने कलेक्ट्रेट परिसर से टीकाकरण टीमों को हरी झंडी दिखाकर किया।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत जनपद के सभी गोवंश एवं भैंसवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए ग्राम एवं वार्ड स्तर पर टीकाकरण कर्मियों की तैनाती की गई है। जनपद में कुल 28 टीमें गठित की गई हैं, जिनमें 14 भ्रमणशील टीमें भी शामिल हैं, जो गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर पशुओं का टीकाकरण करेंगी।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सरदुल सिंह ने बताया कि खुरपका-मुंहपका रोग अत्यंत संक्रामक है और तेजी से फैलता है। इससे पशुओं के स्वास्थ्य के साथ-साथ दुग्ध उत्पादन एवं पशुपालकों की आय पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी, सुरक्षित और किफायती उपाय समय पर टीकाकरण कराना है।
उन्होंने जनपद के सभी पशुपालकों से अपील की कि जब पशुपालन विभाग की टीमें उनके गांव या घर पहुंचें, तो अपने सभी पात्र पशुओं का भारत पशुधन ऐप पर पंजीकरण अवश्य कराएं तथा सभी पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण कराएं। साथ ही ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों से भी अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया।

अधिकारियों ने विश्वास जताया कि पशुपालकों, जनप्रतिनिधियों एवं पशुपालन विभाग के संयुक्त प्रयासों से जनपद में शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कर खुरपका-मुंहपका रोग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा तथा पशुधन को सुरक्षित और समृद्ध बनाया जा सकेगा।









