
कन्नौज ब्लॉक संवाददाता सूरज कुमार की विशेष रिपोर्ट
कन्नौज विकास भवन स्थित हर्षवर्धन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास की अध्यक्षता में वर्षा जल संचयन सप्ताह के समापन अवसर पर जनपद स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जल संरक्षण, भू-जल संवर्धन एवं वर्षा जल संचयन को प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि 16 से 22 जुलाई तक आयोजित वर्षा जल संचयन सप्ताह के दौरान ग्राम पंचायत, विकास खंड एवं जनपद मुख्यालय स्तर पर गोष्ठियों और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि जनपद में तीन नदियाँ होने के बावजूद भू-जल स्तर लगातार गिर रहा है। उन्होंने बताया कि विकास खंड छिबरामऊ में वर्ष 2021 में भू-जल स्तर 15.19 मीटर था, जो वर्तमान में घटकर 21.06 मीटर तक पहुंच गया है। इसके अलावा हसेरन, कन्नौज, जलालाबाद, तालग्राम और सौरिख क्षेत्रों में भी भू-जल स्तर में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। उन्होंने संबंधित विभागों को वैज्ञानिक एवं दीर्घकालिक रणनीति बनाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों से आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियां अपनाने, सूक्ष्म सिंचाई तकनीकों का उपयोग बढ़ाने तथा कम पानी वाली फसलों को प्रोत्साहित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों के तालाबों में वर्षा जल के संरक्षण के लिए प्रभावी जल निकासी एवं भू-जल पुनर्भरण (रीचार्ज) की व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल बचाने के साथ-साथ अधिक से अधिक वृक्षारोपण भी आवश्यक है।
उपनिदेशक कृषि संतोष कुमार ने कहा कि भविष्य में जल संकट से बचने के लिए वर्षा जल संचयन को जनभागीदारी के साथ अपनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने किसानों से श्री अन्न एवं कम पानी में तैयार होने वाली फसलों की खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया, ताकि भू-जल दोहन कम हो और प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।

कार्यशाला के समापन पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन के प्रति जागरूक रहने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी हेमंत सेठ, प्रभारी जिला विकास अधिकारी राजकुमार लोधी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









