
रिपोर्ट हरदोई जिला संवाददाता सत्यम द्विवेदी
हरदोई जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत बुधवार को स्वामी विवेकानन्द सभागार, कलेक्ट्रेट हरदोई में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (DCHB) विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला जनगणना अधिकारी सह अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व *श्रीमती दीपाली भार्गव* ने की। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ करते हुए कहा कि DCHB के सभी तकनीकी पहलुओं को बारीकी से समझें। इस कार्य को समय से और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा करना शासन की प्राथमिकता है।
प्रशिक्षण जनगणना कार्य निदेशालय उ.प्र. लखनऊ की उपनिदेशक *श्रीमती दिव्या जैन* ने दिया। उन्होंने पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों को ग्राम निदेशिका और नगर निदेशिका भरने की पूरी प्रक्रिया समझाई।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक नगर के लिए एक नगर निदेशिका और प्रत्येक राजस्व गांव के लिए एक ग्राम निदेशिका तैयार की जाएगी। नगर निकाय कर्मी और राजस्व लेखपाल मोबाइल ऐप के माध्यम से आंकड़े एकत्र कर भरेंगे। इसका सत्यापन संबंधित चार्ज अधिकारी यानी अधिशासी अधिकारी और तहसीलदार करेंगे।
DCHB में जिले की जनसंख्या, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, संचार, परिवहन, बैंकिंग, विद्युत, कृषि सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों के आंकड़े शामिल किए जाएंगे।
श्रीमती जैन ने जनगणना के प्रथम चरण के बाद भेजी जाने वाली सामग्री के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने चार्ज अधिकारियों की शंकाओं का समाधान भी किया। अंतिम सत्र में जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों और संभावित चुनौतियों पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिला जनगणना प्रभारी *श्री विनय कुमार वर्मा* ने भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
प्रशिक्षण में सभी उपजिलाधिकारी, डिप्टी कलेक्टर, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, सभी तहसीलदार, नगर पालिका परिषद व नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, प्रत्येक तहसील से नामित 1 नायब तहसीलदार व 2 राजस्व निरीक्षक, नगर निकायों से 1-1 कार्मिक, जनगणना लिपिक और तकनीकी सहायक मौजूद रहे।कार्यक्रम का संचालन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।










