
कन्नौज। मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अगले तीन घंटे के दौरान कन्नौज सहित प्रदेश के 36 जिलों के कुछ स्थानों पर तेज हवाओं, बिजली की गरज-चमक और मध्यम से भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। साथ ही गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी वर्षा होने का अनुमान है।
ऑरेंज अलर्ट जिन जिलों के लिए जारी किया गया है, उनमें सोनभद्र, मिर्जापुर, प्रयागराज, संत रविदास नगर, प्रतापगढ़, चित्रकूट, कौशाम्बी, हमीरपुर, फतेहपुर, जालौन, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, इटावा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, हाथरस, कासगंज, अयोध्या, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, लखनऊ, बाराबंकी, कन्नौज, हरदोई, फर्रुखाबाद, सीतापुर, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बरेली, अलीगढ़, बदायूं और संभल शामिल हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लें। प्रशासन ने भी नागरिकों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।









