
कन्नौज। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर जनपद स्थित अमर जवान ज्योति पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, कर्नल रोहित भटारा (जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी), कर्नल बी.एस. तोमर, सूबेदार एस. चंदेल, कारगिल वीर सम्मान प्राप्त ऑनरेरी कैप्टन रवीन्द्र कुमार (सेना मेडल) तथा ब्रिगेडियर मनीष कुमार जैन, कमांडेंट दि सिख लाइट रेजीमेंट ने पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
इसके उपरांत जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय परिसर में कारगिल विजय दिवस समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर मनीष कुमार जैन ने दीप प्रज्ज्वलित कर शहीदों को नमन करते हुए किया। इसके बाद वीर नारियों ने भी शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ने सभी अतिथियों एवं पूर्व सैनिकों का स्वागत करते हुए कारगिल युद्ध के इतिहास और उसके महत्व पर संक्षिप्त प्रकाश डाला। इस अवसर पर कर्नल बी.एस. तोमर, सूबेदार एस.के. चंदेल तथा कारगिल युद्ध में भाग लेने वाले ऑनरेरी कैप्टन रवीन्द्र कुमार (सेना मेडल) ने भी अपने अनुभव साझा किए।
मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर मनीष कुमार जैन ने कारगिल युद्ध में भारतीय सेना के अदम्य साहस और वीरता का उल्लेख करते हुए पूर्व सैनिकों से साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि मोबाइल और डिजिटल माध्यमों का सही उपयोग सीखना समय की आवश्यकता है तथा किसी भी अनजान व्यक्ति को व्यक्तिगत या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। उन्होंने पूर्व सैनिकों से केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जिला सैनिक कल्याण कार्यालय से निरंतर जुड़े रहने का भी आग्रह किया। उन्होंने बताया कि कन्नौज में पूर्व सैनिकों के लिए ईसीएचएस (ECHS) सुविधा शुरू कराने की प्रक्रिया चल रही है और इसे शीघ्र शुरू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
समारोह के दौरान छह वीर नारियों—हंशमुखी देवी, उमा देवी, शांति देवी, रामवती, कमला देवी और शशि देवी—को सम्मानित किया गया। साथ ही कारगिल युद्ध में भाग लेने वाले ऑनरेरी कैप्टन रवीन्द्र कुमार (सेना मेडल) को भी सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ने सभी पूर्व सैनिकों को कारगिल विजय दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। स्वल्पाहार के साथ समारोह का समापन हुआ।
इस अवसर पर भारतीय पूर्व सैनिक संघ के जिलाध्यक्ष शिवकुमार सिंह चंदेल, हवलदार दीपेन्द्र सिंह चौहान, हवलदार शिव नारायण, हवलदार अनंतराम, सूबेदार मेजर शंकर सिंह, हवलदार बृजेन्द्र सिंह, सूबेदार अनिल तोमर, सूबेदार प्रमोद कुमार, अजय कुमार दीक्षित सहित लगभग 80 पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।









