
कन्नौज, 27 जुलाई। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (पीएम पोषण) योजना के तहत जनपद कन्नौज के सभी 1576 विद्यालयों में सोमवार को विद्यार्थियों को ताजे एवं गुणवत्तापूर्ण फल वितरित किए गए। योजना का उद्देश्य बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को बढ़ावा देना तथा उन्हें संतुलित एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना है।
प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देशन एवं सतत निगरानी में जनपद के सभी विद्यालयों में पीएम पोषण योजना का संचालन शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ किया जा रहा है। विद्यार्थियों को प्रतिदिन स्वच्छ, पौष्टिक और संतुलित मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य, पोषण स्तर, शैक्षिक गुणवत्ता और सर्वांगीण विकास में सकारात्मक सुधार देखने को मिल रहा है। साथ ही विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति और सीखने की क्षमता में भी वृद्धि दर्ज की गई है।
जनपद में 1006 परिषदीय प्राथमिक विद्यालय, 259 उच्च प्राथमिक विद्यालय, 194 कम्पोजिट विद्यालय, 39 अशासकीय सहायता प्राप्त उच्च प्राथमिक विद्यालय, 13 सहायता प्राप्त मदरसे, 4 दीनदयाल उपाध्याय राजकीय विद्यालय, एक अनुदानित संस्कृत विद्यालय तथा 60 इंटर कॉलेज सहित कुल 1576 विद्यालयों में शासन द्वारा निर्धारित साप्ताहिक मेन्यू के अनुसार नियमित रूप से मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और पोषण मानकों की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जा रही है।
योजना के अंतर्गत प्रत्येक सोमवार को फल वितरण की व्यवस्था है। इसी क्रम में सोमवार को सभी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप ताजे फल वितरित किए गए। बच्चों ने उत्साहपूर्वक फल ग्रहण किए। शिक्षा विभाग का मानना है कि यह पहल विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य और संतुलित पोषण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि पीएम पोषण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रत्येक छात्र-छात्रा तक सुरक्षित, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन पहुंचाने के साथ उनके स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।









