
कन्नौज, 27 जुलाई 2026। जनपद कन्नौज में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण)” के तहत विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में महिला पुलिसकर्मियों ने जनचौपाल एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान गांवों, कस्बों, मोहल्लों, प्रमुख बाजारों, चौराहों और धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में भी लोगों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी देकर सतर्क रहने की अपील की गई।
इसके अलावा महिलाओं और बालिकाओं के बीच जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए तथा उन्हें किसी भी आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन एवं महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन सेवाओं का बिना संकोच उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा शासन की विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाना है।









