
कन्नौज। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों के सम्भाजन (रैशनलाइजेशन) की प्रक्रिया के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्राप्त सुझावों एवं निर्धारित मानकों के आधार पर 42-कन्नौज संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली 196-छिबरामऊ, 197-तिर्वा तथा 198-कन्नौज (अजा) विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों की ड्राफ्ट सूची 4 जुलाई 2026 को प्रकाशित कर दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सम्भाजन एवं समायोजन की प्रक्रिया के बाद 196-छिबरामऊ विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान 579 मतदेय स्थलों के सापेक्ष 2 नए मतदेय स्थलों का सम्भाजन, 41 मतदेय स्थलों का समायोजन तथा 4 मतदेय स्थलों का भवन परिवर्तन किया गया है। इसके बाद इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 540 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं।
इसी प्रकार 197-तिर्वा विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान 505 मतदेय स्थलों के सापेक्ष 3 नए मतदेय स्थलों का सम्भाजन, 15 मतदेय स्थलों का समायोजन तथा 2 मतदेय स्थलों का भवन परिवर्तन किया गया है। इसके उपरांत कुल 493 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं।
वहीं 198-कन्नौज (अजा) विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान 514 मतदेय स्थलों के सापेक्ष 3 नए मतदेय स्थलों का सम्भाजन तथा 19 मतदेय स्थलों का समायोजन किया गया है। इसके बाद कुल 498 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं।जिले में पहले कुल 1598 मतदेय स्थल थे। सम्भाजन, समायोजन एवं भवन परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब कुल 1531 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनसामान्य एवं सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपील की है कि यदि प्रकाशित ड्राफ्ट सूची के संबंध में कोई आपत्ति या सुझाव हो तो उसे 10 जुलाई 2026 तक संबंधित उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा जिला निर्वाचन अधिकारी, कन्नौज के कार्यालय में लिखित रूप से प्रस्तुत किया जा सकता है।

मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों की ड्राफ्ट सूची जनपद की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बिनीत कटियार तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।









