
कन्नौज ब्लॉक संवाददाता सूरज कुमार की विशेष रिपोर्ट
कन्नौज। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, पीएम सूर्य घर योजना तथा लखपति दीदी योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लक्ष्य पूर्ति तथा पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 20 जून से 4 जुलाई 2026 तक 1700 के लक्ष्य के सापेक्ष 851 आवेदन बैंकों को भेजे गए। इनमें 217 आवेदन स्वीकृत हुए, 221 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया गया, 326 आवेदन अस्वीकृत किए गए तथा 321 आवेदन बैंक स्तर पर लंबित हैं।
जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि चयनित अभ्यर्थियों को उद्यमिता संबंधी प्रशिक्षण देकर प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें योजना की पूरी जानकारी मिल सके और बैंक ऋण स्वीकृति में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने बैंक अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि पात्र आवेदकों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए तथा सभी प्रकरणों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान छिबरामऊ निवासी सत्यम मिश्रा (वेब एंड डेवलपमेंट), सैफ खान (सिलाई व्यवसाय) और प्रणव शर्मा (फर्नीचर व्यवसाय) ने अपने आवेदन से जुड़ी समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि आवेदक मार्जिन मनी सहित सभी आवश्यक औपचारिकताएं और पात्रता की शर्तें पूरी करें। इसके बाद भी यदि कोई समस्या आती है तो तत्काल जानकारी दें, उसका प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा में बताया गया कि जुलाई 2026 तक 2352 सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य था, जिसके सापेक्ष अब तक 2329 संयंत्र लगाए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने प्रगति पर संतोष जताते हुए निर्देश दिए कि शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के साथ अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाया जाए।
लखपति दीदी योजना की समीक्षा में बताया गया कि जनपद में अब तक 22,376 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक हो चुकी है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार और आजीविका गतिविधियों से जोड़कर लखपति दीदी बनाया जाए। साथ ही रजिस्टर भरने के कार्य की समीक्षा में बताया गया कि 30,475 के लक्ष्य के सापेक्ष 29,340 रजिस्टर पूरे हो चुके हैं। शेष कार्य को शीघ्र शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास, डीसी एनआरएलएम राजकुमार लोधी, उपायुक्त उद्योग प्रेमकांत, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) डॉ. रंजीत सिंह, यूपीनेडा अधिकारी अनुपम राय तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









