
सीतापुर। जनपद सीतापुर के थाना मछरेहटा क्षेत्र में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब थाना रामकोट क्षेत्र के ग्राम दमोदरपुर निवासी संतोष पुत्र शिवशंकर खैराबाद रोड स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि पत्नी के मायके से वापस न आने और पारिवारिक विवाद के चलते उसने यह कदम उठाया।


सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रजनीश कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा आसपास के थानों की पुलिस भी मौके पर बुला ली गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीओ मिश्रिख, एसडीएम मिश्रिख, कानूनगो सहित राजस्व विभाग के कई अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।

युवक टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर बैठा रहा और मोबाइल फोन के माध्यम से अधिकारियों से लगातार बातचीत करता रहा। उसने साफ कहा कि जब तक उसकी पत्नी मौके पर नहीं आएगी, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगा।
एहतियात के तौर पर दमकल विभाग की टीम ने टावर के चारों ओर सुरक्षा जाल और एयर कुशन (फुलाने वाला सुरक्षा उपकरण) लगाया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में उसकी जान बचाई जा सके। मौके पर दो एंबुलेंस भी तैयार अवस्था में तैनात रहीं।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस टीम युवक की पत्नी को थाना रामकोट क्षेत्र के ग्राम दमोदरपुर से लेकर आई और दोनों की मोबाइल फोन के माध्यम से बातचीत कराई गई।


लगातार समझाने-बुझाने और करीब पांच घंटे तक चले प्रयास के बाद युवक आखिरकार सकुशल टावर से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस युवक और उसकी पत्नी को आगे की कार्रवाई एवं आवश्यक पूछताछ के लिए थाना मछरेहटा ले गई।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में मामला पति-पत्नी के आपसी विवाद से जुड़ा सामने आया है।









