
रिपोर्ट हरदोई जिला संवाददाता सत्यम द्विवेदी
हरदोई जिले में पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार के मामले बढ़ते नजर आ रहे हैं। हरियावा थाना क्षेत्र में एक पत्रकार के साथ थाने के अंदर मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, टड़ियावां निवासी पत्रकार रामप्रताप एक घरेलू विवाद के संबंध में हरियावां थाने पहुंचे थे। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक से मुलाकात कर अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी।
आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद एक दरोगा अचानक आक्रोशित हो गए। पत्रकार का कहना है कि दरोगा ने उनकी पत्नी के सामने ही गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे। पत्रकार ने बताया कि दरोगा ने धमकी भरे लहजे में कहा, “यही पटक कर फाड़ दूंगा”।
इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
इस घटना के बाद पत्रकार समुदाय में कड़ी नाराजगी है। पत्रकारों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने वाली जगह पर ही पत्रकार सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता का क्या होगा।
फिलहाल इस मामले को लेकर पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।









