
अहिरोरी (हरदोई)। पर्यावरण संरक्षण और विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से विकासखंड अहिरोरी के प्राथमिक विद्यालय टिकरा में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में कुल 11 औषधीय एवं फलदार पौधे लगाए गए।
वृक्षारोपण के तहत सहजन, अमरूद, केला और आंवला जैसे पौधों का रोपण किया गया। विद्यालय परिवार ने इन पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए परिसर को अधिक हरा-भरा और स्वच्छ बनाने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक मयंक अवस्थी ने कहा कि सहजन और आंवला जैसे औषधीय पौधे स्वास्थ्य और पोषण की दृष्टि से अत्यंत लाभकारी हैं। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में सहायक अध्यापक मीनाक्षी जयंत एवं रचना रावत सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। सभी ने पौधों को सिंचित कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया तथा विद्यार्थियों को भी पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।









