
हरदोई बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खुर्दपुरा में पैतृक भूमि पर कथित अवैध कब्जे के प्रयास का विरोध करने पर मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने 10 नामजद समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला खुर्दपुरा निवासी शब्बीर अहमद पुत्र सिद्दीक अहमद ने कोतवाली बिलग्राम में दी गई तहरीर में बताया कि 17 जुलाई की शाम करीब छह बजे कुछ लोग उनकी पैतृक भूमि पर नींव भरकर निर्माण कार्य करते हुए जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। आरोप है कि जब वह अपने भाई सलीम के साथ उन्हें रोकने पहुंचे तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी ने एकराय होकर ईंट-पत्थरों, लोहे की कन्नी, हथौड़ी तथा अन्य वस्तुओं से हमला कर दिया।

पीड़ित के अनुसार हमले में उन्हें, उनके भाई सलीम तथा परिवार की एक महिला सदस्य को चोटें आईं। सलीम के सिर में गंभीर चोट लगी और उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया। आरोप है कि घटना के दौरान आरोपी जान से मारने की धमकी भी देते रहे।

पुलिस ने शब्बीर अहमद की तहरीर के आधार पर फैसल, फजल, फरहानूर, दरक्शानूर, शबनम, रहीस, सलमान, राजू, शमीम और मुकीम समेत अन्य आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।









