
रिपोर्ट हरदोई जिला संवाददाता सत्यम द्विवेदी
हरदोई सवायजपुर थाना क्षेत्र में घर में घुसकर एक महिला से मारपीट और दरिंदगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट और मुखबिर की सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरा आरोपी अभी फरार है।
पीड़िता की सास ने तहरीर में आरोप लगाया कि उनकी 40 वर्षीय बहु घर में अपने कमरे में थी। इसी दौरान गांव का ही युवक पवन यादव अपने एक साथी के साथ घर में घुस आया और महिला के साथ मारपीट व दरिंदगी की। शोर मचाने पर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी पवन यादव और उसका साथी फरार हो गए।
घटना में गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन सीएचसी सवायजपुर लेकर पहुंचे। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना अध्यक्ष प्रिंस कुमार ने तत्काल जांच शुरू कराई। मेडिकल रिपोर्ट में तथ्य सही पाए जाने के बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी पवन यादव को नकटौरा-पाली मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले में दूसरा आरोपी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं। पीड़िता का इलाज जारी है और मामले की आगे की विवेचना की जा रही है।









